जर्जर रेलवे स्टेशन मार्ग पर चलना हुआ दूभर
अधूरे सीसी रोड और पटरी विहीन सड़क से बढ़ी परेशानी,
आए दिन हादसों में घायल हो रहे राहगीर
तेनुवट गांव के समीप जर्जर सड़क
सकलडीहा। कस्बा से रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल है। जगह-जगह सड़क जर्जर होने के साथ पटरी विहीन होने से राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क की मरम्मत और पटरी निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इससे आए दिन वाहन चालक, साइकिल सवार, ग्रामीण और छात्राएं गिरकर घायल हो रहे हैं। समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क व पटरी निर्माण नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।ग्रामीणों के अनुसार सकलडीहा रेलवे क्रासिंग से चतुर्भुजपुर कस्बा तक सीसी रोड का निर्माण कार्यदायी संस्था की ओर से आधा-अधूरा कराया गया है। सड़क के दोनों तरफ पटरी का निर्माण नहीं होने से रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। वाहन चालकों और साइकिल सवारों को सड़क से नीचे उतरने के दौरान आए दिन हादसे का सामना करना पड़ता है।चतुर्भुजपुर से तेनुवट गांव तक सड़क पटरी विहीन होने के कारण राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं तेनुवट से सकलडीहा रेलवे स्टेशन तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला पंचायत से लेकर विधायक, सांसद और विभागीय अधिकारियों तक कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से अधूरे सड़क निर्माण को पूरा कराने के साथ दोनों तरफ पटरी निर्माण कराने की मांग की है। चेताया कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।