सकलडीहा में मुख्य मार्ग पर जलती कूड़ा करकट को पानी से बुताते हुए
सकलडीहा।विकास खंड के सदर मुख्यालय के दो गांवों में सफाई कर्मियों की ओर से रखे गये प्राइवेट कर्मी कूड़ा करकट बटोरकर आग लगा देते है। जिसके धुंआ से आसपास के लोगों को काफी समस्या होती है। शिकायत के बाद भी प्रधान से लेकर सचिव अनजान बने हुए है। जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। समस्या से निजात दिलाने की मांग किया है।
सकलडीहा नागेपुर और टिमिलपुर गांव में सफाई कर्मी नियुक्त होने के बाद भी प्राइवेट कर्मियों के माध्यम से साफ सफाई कार्य कराया जाता है। प्राइवेट कर्मियों की ओर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के बजाय थोड़ी थोड़ी दूरी पर कूड़ा बटोकर आग लगा दिया जाता है। जलती हुई कूड़ा करकट की धुंआ से सुबह टहलने वाले बुर्जुगों और महिला सहित स्कूल जाने वाले बच्चे परेशान हो जाते है। अस्थमा,टीवी और शुगर ,बीपी के मरीज उठती धूंआ से परेशान हो जाते है। जिसकी शिकायत कई बार ग्रामीणों की ओर से प्रधान और सचिव को बताने के बाद भी चुप्पी साधे हुए है। जबकि स्वच्छ भारत के तहत स्वच्छ वातावरण बनाने की जिला प्रशासन की कवायद जारी है। इसके बाद भी प्राइवेट कर्मियों को कूड़ा करकट जलाये जाने के प्रति जागरूक करने के बजाय चुप्पी साधे हुए है। कस्बा के व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी, दीपक सेठ, डा.रमाशंकर वर्मा,कैलाश चौरसिया,विजय जायसवाल आदि ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से समस्या का निजात दिलाने की मांग किया है। इस बाबत डीपीआरओ नीरज सिन्हा ने बताया कि कूड़ा करकट जलाये जाने की शिकायत पर संबधित सफाई कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
